ग्वालियरः अग्नि पीड़ित परिवार को जिला प्रशासन ने आर्थिक मदद उपलब्ध कराई
– परिवार को पंचायत भवन में दिलाया आश्रय
ग्वालियर, 18 अप्रैल (हि.स.)। जिले की भितरवार तहसील के ग्राम गाजना में अग्नि दुर्घटना से प्रभावित अरविंद आदिवासी के परिवार को जिला प्रशासन द्वारा तत्परता से आर्थिक राहत उपलब्ध कराई गई है। साथ ही राज्य शासन से सहायता के लिये प्रकरण बनाकर भेज दिया गया है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने भितरवार एसडीएम को प्रभावित परिवार की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम डीएन सिंह ने शुक्रवार को बताया कि प्रभावित परिवार को तत्काल 10 हजार रूपए नगद, 50 किलोग्राम राशन एवं मसाले, तेल, नमक, आटा व बर्तन इत्यादि सामग्री उपलब्ध करा दी गई है। परिवार को फिलहाल पंचायत भवन में आश्रय दिलाया गया है। साथ ही मकान की क्षति पर 11 हजार रुपये स्वीकृत कर दिए गए हैं। इसके अलावा जन हानि पर चार लाख रुपये की राहत राशि स्वीकृत करने के लिये प्रकरण बनाया गया है। इस अग्नि दुर्घटना में अरविंद आदिवासी के आधारकार्ड, बैंक पासबुक एवं अन्य कागजात जल गए हैं, ये सभी कागजात पिछोर जिला शिवपुरी के बने हुए हैं। पिछोर तहसीलदार से संपर्क किया गया है। सभी कागजात मिलते ही कोषालय में बिल लगा दिए जाएंगे।
एसडीएम सिंह ने बताया कि ग्राम गाजना में बुधवार की रात अरविंद आदिवासी अपने घर (झौंपड़ी) की कुंदी लगाकर किसी काम से बाहर निकल गए थे। घर के अंदर उसकी पाँच वर्षीय बिटिया सुहाना सो रही थी। इसी दौरान अज्ञात कारण से झौंपड़ी में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलने पर तत्काल फायर ब्रिगेड बुलाई गई और आग पर काबू पाया गया। लेकिन इस अग्नि दुर्घटना में सुहाना की मृत्यु हो गई।