महापुरुषों का संदेश संपूर्ण मानवता के लिए होता है : प्रांत प्रचारक
महावीर स्वामी के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक ले जाने की जरूरत: कौशल
लखनऊ,13 अप्रैल (हि.स.)। भगवान महावीर स्वामी के 2624 वें जन्मकल्याणक महोत्सव के अवसर पर रविवार को भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय के कला मंडपम सभागार में संगोष्ठी का आयोजन किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रान्त प्रचारक कौशल ने मुख्यवक्ता के रूप में संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि महावीर स्वामी के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक ले जाने की जरूरत है।
प्रांत प्रचारक ने कहा कि महापुरुष संपूर्ण समाज के होते हैं। महापुरुषों का संदेश संपूर्ण मानवता के लिए होता है। समाज के सभी लोगों को सभी महापुरुषों की जयंती माननी चाहिए। युवा संस्कारों से विमुख न हो इसलिए युवाओं को दिशा दर्शन कराना ही पड़ेगा। युवाओं को सही दिशा देंगे उन्हें संगठन से जोड़ेंगे तो संस्कार ठीक रहेगे। उन्हाेंने बताया कि भारत में राष्ट्रीय संस्कृत संगठन 32147 साप्ताहिक मिलन चलते हैं।
प्रांत प्रचारक ने कहा कि महावीर स्वामी ने मानवता को अहिंसा, तपस्या और सत्य का रास्ता दिखया। उनकी शिक्षाएं विश्व को शांति के रास्ते पर चलने और अहिंसा का संदेश देती हैं। पूरी दुनिया को सत्य, अहिंसा, अपरिग्रह, अत्सेय व क्षमा का सिद्धांत देने वाले स्वामी महावीर ने मानव मात्र ही नहीं अपितु प्रकृति संरक्षण की भी बात कही थी। आज जल,जंगल जमीन में प्रदूषण फैल रहा है।
मुख्य अतिथि समाज कल्याण मंत्री असीम अरूण ने कहा कि महावीर स्वामी ने कहा कि अपने आप को बदलो। अचार विचार व्यवहार आहार को बदलो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को शक्ति दी है
विराज सागर दास गुप्ता ने कहा कि अहिंसा को अपने जीवन में उतरने की जरूरत है। आज युवाओं को सोशल मीडिया की लत लग गई है। इस अवसर पर कर्मयोगी पीठाधीश अयोध्या के रवीन्द्र कीर्ति स्वामी, उत्तर प्रदेश के राज्य सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने विचार रखा।
संगोष्ठी को कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान के निदेशक डा.एम.एल.बी.भट्ट और अपर महाधिवक्ता विनोद कुमार शाही ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर महावीर स्वामी साप्ताहिक मिलन के कार्यकर्ता अक्षत,अभिषेक, दिव्य, ईशान, सत्यम ने भी महावीर स्वामी के जीवन के बारे में बताया। कार्यक्रम में महावीर स्वामी पर डाक्यूमेन्ट्री फिल्म दिखाई गयी और लघु नाटिका का मंचन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अभिनव जैन ने किया। महावी स्वामी की प्रार्थना के बाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की वरिष्ठ प्रचारक अशोक केडिया, प्रांत संपर्क प्रमुख गंगा सिंह, प्रांत के विशेष संपर्क प्रमुख प्रशांत भाटिया, विद्यार्थी परिषद के प्रांत संगठन मंत्री अंशुल विद्यार्थी व इंदिरा नगर दिगंबर जैन सेवा संस्थान के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
—————