ड्रॉपआउट बच्चों को विद्यालयों से जोड़ना स्कूल रुआर कार्यक्रम का उद्देश्य : डीईओ
खूंटी, 23 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड शिक्षा परियोजना के तहत बुधवार को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय में जिला स्तरीय स्कूल रुआर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला कल्याण पदाधिकारी प्रोमद राम, जिला शिक्षा पदाधिकारी आपरूपा चौधरी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुमन सिंह, अनुमण्डल शिक्षा पदाधिकारी अमित कुमार आदि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए स्कूल रुआर 2025 कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने एवं ड्रॉपआउट बच्चों को विद्यालयों से जोड़ने की दिशा में“स्कूल रुआर 2025 कार्यक्रम की भूमिका को रेखांकित किया। जिला कल्याण पदाधिकारी ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में विद्यालय के प्रति रुचि बढ़ाना एवं शिक्षा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है। “स्कूल रुआर अभियान के तहत यह प्रयास बच्चों को नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
स्कूल रुआर कार्यक्रम के माध्यम से स्कूल छोड़ चुके बच्चों की पहचान और पुनः नामांकन, बच्चों की उपस्थिति में सुधार, माता-पिता और समुदाय की भागीदारी को बढ़ावा, शिक्षा को रोचक और आकर्षक बनाकर बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रखंड प्रमुख, मुखिया एवं उपस्थित पदाधिकारियों ने अपने-अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए।
—————