प्रधानमंत्री किसान सम्मान का पैसा शुरुआती किश्त मिलने के बाद, किया जा रहा दूसरे के खाते में ट्रांसफर

प्रधानमंत्री किसान सम्मान का पैसा शुरुआती किश्त मिलने के बाद, किया जा रहा दूसरे के खाते में ट्रांसफर

कांकेर, 3 मई (हि.स.)। जिला मुख्यालय के सुभाष वार्ड निवासी एक गरीब किसान देवांगन परिवार पिछले सात वर्षों से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से वंचित है, क्योंकि इसका प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना का पैसा लगातार किसी और के खाते में ट्रांसफर किया जा रहा है। ऐश्वर्या देवांगन को मिलने वाली किसान सम्मान निधि की शुरुआती दो या तीन किस्तें ही उनके बैंक खाते में आई थी, लेकिन उसके बाद से पूरा पैसा महाराष्ट्र के कोल्हापुर में किसी अज्ञात व्यक्ति के खाते में जमा हो रहा है। यह गलती सिस्टम की गंभीर खामी के साथ बस्तर में सरकारी योजनाओं का लाभ पाना आसान नहीं हाेता इसे उजागर करता है।

बैंक अधिकारियों का कहना है कि परिवार को कोल्हापुर जाकर उस खाते को बंद करवाना चाहिए, जिसमें पैसा जा रहा है। यह बात सुनकर परिवार और भी अधिक असहाय महसूस कर रहा है। सवाल उठता है कि क्या एक गरीब किसान परिवार के लिए यह संभव है कि वह दूसरे राज्य जाकर किसी अन्य के खाते काे बंद करवाए? ऐश्वर्या और उनका परिवार इस योजना के लाभ के लिए सालों से अधिकारियों और बैंकों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें इसमें सफलता नहीं मिली है। इससे पहले बस्तर में महतारी वंदन योजना का पैसा सनी लियोन के नाम दर्ज एक खाते में जाने का मामला सामने आया था, जिसने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। अब एक बार फिर सरकारी लापरवाही की वजह से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की लाभार्थी अधिकारियों और बैंकों के चक्कर काट रही है।

कांकेर कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर ने आज शन‍िवार को इस मामले को संज्ञान में लेते हुए कहा है कि कृषि विभाग को निर्देश दिए जा चुके हैं, जल्द ही परिवार को उनका पैसा दिलाया जाएगा। साथ ही गलत खाते में गए पैसों की वापसी की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

—————