समय पर छात्रवृत्ति भुगतान करना सुनिश्चित करें: लोकेश मिश्रा
खूंटी, 21 मई (हि.स.)। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार को कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण योजना, कब्रिस्तान-सरना-मसना घेराबंदी, आदि आदर्श ग्राम विकास योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, पशुधन योजना, पीएम जन धन योजना समेत अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने जिला कल्याण पदाधिकारी को शत-प्रतिशत छात्र-छात्राओं को समय पर छात्रवृत्ति भुगतान का निर्देश दिया। बैठक में एनआरइपी के तहत भवन निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्माणाधीन भवनों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया। आदर्श ग्राम विकास योजना के अंतर्गत पीसीसी सड़क एवं सोकपिट निर्माण कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
—————