सादगी से मनाया पूर्व सीएम गहलोत का जन्मदिवस
जोधपुर, 3 मई (हि.स.)। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जन्मदिवस शनिवार को सेवा दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर उनकी दीर्घायु की कामना के लिए शहरभर में कई कार्यक्रम हुए। कई स्थानों पर गरीब और असहायों को भोजन बांटा गया। वहीं गौशालाओं में गायों को हरा चारा खिलाया गया। युवाओं ने रक्तदान किया।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जन्मदिवस पर कांग्रेस सहित विभिन्न संस्थाओं की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। कांग्रेस कमेटी द्वारा आज गौशालाओं में गौ सेवा की गई।
यहां गायों को हरा चारा, लापसी व गुड़ खिलाया गया। इसके बाद निंबा निंबड़ी कुष्ठ आश्रम में सेवा कार्य किए। यहां मरीजों को भोजन बांटा गया। इसके साथ ही असहायों को भोजन खिलाया गया। कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जन्मदिवस के उपलक्ष में केक व घेवर काटे गए। सभी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना की।
उदयमंदिर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संगठन महामंत्री एडवोकेट धर्मेंद्र राठौड ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जन्म दिवस के अवसर पर उनकी दीर्घायु के लिए उदय मंदिर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भंवर लाल हटवाल की अध्यक्षता में आर्य समाज पाबुपुरा में हवन का आयोजन किया गया। वहीं युवा कांग्रेस सरदारपुरा विधानसभा के उपाध्यक्ष गौरव गहलोत के नेतृत्व में श्री शिवराम नत्थूजी टाक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की आंगनवाड़ी में बच्चों को पढ़ाई सामग्री वितरण की गई।
भारत सेवा संस्थान प्रांगण में स्वैच्छिक रक्तदान व दिव्यांग शिविर का आयोजन किया गया। संस्थान प्रभारी नरपत सिंह कच्छवाहा ने बताया कि भारत सेवा संस्थान, भारत सेवा फाउंडेशन व भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर की ओर से दिव्यांग व स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन संस्थान प्रांगण मानजी का हत्था पावटा में किया गया। शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों की निशुल्क जांच कर उपकरण वितरित किए गए। साथ ही शिविर में स्वैच्छिक रक्तदान का आयोजन भी किया गया।