प्रत्येक प्रखंड में मिनी स्टेडियम-हॉकी मैदान निर्माण का प्रस्ताव तैयार करें : उपायुक्त

प्रत्येक प्रखंड में मिनी स्टेडियम-हॉकी मैदान निर्माण का प्रस्ताव तैयार करें : उपायुक्त

खूंटी, 21 मई (हि.स.)। उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार को खेल एवं पर्यटन से संबंधित महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों की ओर से विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में कई प्रमुख बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि खूंटी जिले में क्रीडा किसलय, तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र और प्रशिक्षक की नियुक्ति की स्वीकृति निदेशक, खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड के द्वारा प्राप्त हो गई है। प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षुओं को प्रतिदिन प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उपायुक्त ने बेहतर प्रशिक्षण देने सहित कई दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए। जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि एसएस आवासीय हॉकी (बालक) प्रशिक्षण केंद्र में वर्ष 2025-26 में प्रशिक्षुओं के लिए कैटरिंग के माध्यम से भोजन आपूर्ति का कार्य सौंपा गया है।

उपायुक्त ने समय पर और मेनू अनुसार भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिये।

बैठक में उपायुक्त ने प्रत्येक प्रखंड में मिनी स्टेडियम-हॉकी मैदान निर्माण के संबंध में कार्यपालक अभियंता, एनआरइपी को आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम की मरम्मत को लेकर उन्होंने निर्देशित किया। पंचायत और ग्राम स्तर पर युवा खेल क्लब के गठन को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। पर्यटन स्थलों की साफ सफाई को लेकर आवश्यक सामग्रियों की खरीदारी के लिए निर्देश दिया गया। साथ हीं विभिन्न जलप्रपात में होनेवाली दुर्घटना को रोकने को लेकर सुरक्षा के उद्देश्य से चेन आदि की सहायता से घेराव करने का निर्देश दिया गया। बैठक के अंत में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से कार्यान्वित किया जाए, ताकि जिले में खेल और पर्यटन के क्षेत्र में नव ऊर्जा का संचार हो।

—————