नीट यूजी परीक्षा 4 मई को : जिलाधिकारी

नीट यूजी परीक्षा 4 मई को : जिलाधिकारी

देवरिया, 2 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी नीट यूजी-2025 परीक्षा के सफल आयोजन हेतु अधिकारियों के साथ बैठक हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा को शुचिता, पारदर्शिता एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि परीक्षा 4 मई को एक ही पाॅली में अपराह्न 2:00 बजे से 5:00 बजे तक होगी। परीक्षार्थियों को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय के पश्चात किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। जिले में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। लगभग 5,208 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा की सुचारू व्यवस्था हेतु 13 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में समुचित प्रकाश व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की सहायता से परीक्षा की सतत निगरानी की व्यवस्था हो। सभी परीक्षार्थियों को केंद्र पर समुचित जाँच के उपरांत ही प्रवेश दिया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)जैनेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, एसडीएम भाटपाररानी रत्नेश तिवारी, एसडीएम सलेमपुर दिशा श्रीवास्तव, एसडीएम बरहज विपिन द्विवेदी, एसडीएम रुद्रपुर हरिशंकर लाल, जिला पंचायत राज अधिकारी रतन कुमार उपस्थित रहे।