पलामू में चार केन्द्रों पर हाेगी नीट-यूजी की परीक्षा
पलामू, 3 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से आयोजित नीट (यूजी) परीक्षा 4 मई को होगी। पलामू जिले में 4 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जहां 1623 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा का संचालन अपराह्न 2 से 5 बजे तक होगी। प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। केन्द्रों पर सीसीटीवी, जैमर, बायोमेट्रिक उपस्थिति यंत्र लगाया गया है।
वहीं परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पेयजल और निर्बाध बिजली व्यवस्था की गई है। मौसम में बदलाव के मद्देनजर परीक्षा केन्द्रों पर प्रकाश व्यवस्था के लिए वैकल्पिक तौर पर जेनरेटर की सुविधा बहाल की गई है। परीक्षार्थियों को परिवहन को लेकर कोई असुविधा नहीं हो, इसके लिए बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से परीक्षा की तिथि को विशेष बस का परिचालन किया जा रहा है।
उपायुक्त शशि रंजन ने शनिवार को कहा है कि परीक्षा केन्द्रों पर सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं बहाल की गई है। परीक्षार्थियों को कोई असुविधा नहीं हो, इसका ध्यान रखा जा रहा है। परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने को लेकर केन्द्राधीक्षक-पर्यवेक्षक, दंडाधिकारी के साथ-साथ पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। सिविल और पुलिस प्रशासन की टीम आपसी समन्वय के साथ परीक्षा के सफल संचालन में लगी है।
परीक्षा आयोजन को लेकर परीक्षा केन्द्रों पर निषेधाज्ञा लागू किया गया है।
—————