एक देश एक चुनाव से देश को आर्थिक फायदा होगा : देवेेन्द्र बबली
फतेहाबाद, 29 मई (हि.स.)। जिले के शहर टोहाना में एक देश एक चुनाव अभियान को बड़ा समर्थन मिला है। गुरूवार को डांगरा रोड स्थित किसान विश्रामगृह में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में अभियान के जिला प्रभारी सुरेंद्र आर्य और जिला संयोजक बलदेव सैनी मौजूद रहे। पूर्व मंत्री बबली ने बैनर पर हस्ताक्षर कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि एक देश एक चुनाव से देश को आर्थिक फायदा होगा। साथ ही देश बार-बार चुनावी माहौल से भी बचेगा। बबली ने बताया कि चुनाव के बाद जब सरकार विकास कार्यों में जुटती है, तब कहीं न कहीं फिर चुनाव आ जाते हैं। आदर्श आचार संहिता लागू हो जाती है। इससे अधिकारी और कर्मचारी चुनावी कार्यों में व्यस्त हो जाते हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से राजनीति से ऊपर उठकर इस अभियान का समर्थन करने की अपील की। बबली ने कहा कि टोहाना, हरियाणा और देश की जनता पूरी तरह से जागरूक है जो बढ़ चढक़र इस अभियान को सहयोग दे रही है। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद, बार एसोसिएशन, अग्रवाल सभा, व्यापार मंडल, सैनी सभा के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसके अलावा ग्राम सरपंच, नगर पार्षद और महिला समाज सेवा समिति के सदस्यों ने भी अभियान का समर्थन किया।