धान कटाई में आई तेजी, हार्वेस्टर मशीन से धान कटाई करा रहे किसान
धमतरी, 5 मई (हि.स.)। धमतरी अंचल में रबी फसल धान पक कर तैयार होने के साथ किसान अपने खेतों में हार्वेस्टर से धान की कटाई कराने में जुट गए हैं। मौसम खुलते ही धान कटाई में तेजी आ गई है। जिले में इन दिनों धान कटाई का कार्य तेजी से चल रहा है। गांवों में हार्वेस्टर से धान कटाई की मांग बढ़ गई है।
मौसम खुलते ही सूखे खेतों में हार्वेस्टर से धान कटाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार हार्वेस्टर से धान कटाई का प्रति घंटा 21 सौ से 23 सौ रुपये किराया प्रति घंटा लिया जा रहा है। धमतरी शहर के अलावा आसपास अन्य जिलों से भी धान कटाई करने के लिए यहां हार्वेस्टर संचालक पहुंचे हैं। धमतरी शहर से लगे हुए गांव श्यामतराई, भटगांव, नवागांव, बेलतरा, मुजगहन, देमार, तेलीनसत्ती, अर्जुनी सहित अन्य गांव में तेजी से धान कटाई का कार्य चल रहा है। मौसम खुलने के बाद किसान जल्द से जल्द धान की फसल सहेज लेना चाहते हैं। बदलते हुए मौसम को देखते हुए किसान फसल समेट लेना चाह रहे हैं। ग्राम रांवा के चिरंजीव सिन्हा, ईर्रा के वेदप्रकाश साहू ने बताया कि निचले क्षेत्रों में स्थित खेतों में नमी होने के कारण फसल की कटाई नहीं हो पाई थी। खेत सूखने के बाद हार्वेस्टर मशीन की सहायता से जल्द से जल्द धान की कटाई कर रहे हैं। जिन खेतों की फसल पहले ही पक गई थी, उन्हें मजदूरों के सहारे कटवाना पड़ा। अब अन्य खेतों की फसल को जल्द से जल्द कटवा रहे हैं। ग्राम मुजगहन के गिरधर साहू ने बताया कि फसल कटाई का कार्य तेजी से चल रहा है। जल्द ही फसल कट जाएगी।