समता नगर में बजबजाती नालियों से परेशान लोगों ने किया प्रदर्शन

समता नगर में बजबजाती नालियों से परेशान लोगों ने किया प्रदर्शन

पूर्वी सिंहभूम, 30 मई (हि.स.)। मानगो के समता नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पिछले दस दिनों से वार्ड नंबर 10 की नालियां बजबजा रही हैं और गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों का चलना-फिरना दूभर हो गया है। स्थानीय महिला रुकमणि देवी, जो प्रतिदिन मंदिर जाती थीं, अब गंदगी के कारण पूजा करने भी नहीं जा पा रही हैं।

शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि मानगो नगर निगम सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर नागरिकों ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को मौके पर बुलाया। विकास सिंह ने नगर निगम के सिस्टम को ‘लाईलाज लकवा’ से ग्रसित बताते हुए कहा कि जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ अपने निजी स्वार्थ में लगे हैं और आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

उन्होंने बताया कि नगर निगम पानी की समस्या का समाधान भी नहीं करता, लेकिन नलकूप लगाने पर 5000 टैक्स वसूलता है। विकास सिंह ने बजबजाती नाली का वीडियो बनाकर कार्यपालक पदाधिकारी और उपायुक्त को भेजा और समस्या के समाधान की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन में कई स्थानीय नागरिक और महिलाएं शामिल रहीं।

—————