भगवान शिव शंकर के विशेष पारंपरिक शिव पूजन नुआले का भव्य आयोजन
धर्मशाला, 22 जून (हि.स.) गद्दी समुदाय के ईष्ट देव भगवान शिव शंकर के विशेष पारंपरिक शिव पूजन नुआले का भव्य आयोजन शनिवार देर रात से रविवार सुबह तक श्री चामुंडा मंदिर परिसर में किया गया। गद्दी धौगरी व लौहार सेवा दल हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित नुआले में हिमाचल के प्रसिद्ध लोकगायक बहादुर भारद्वाज ने शिव भजनों की स्तुति करते हुए श्री चामुंडा मंदिर के भरे हुए समस्त लंगर भवन को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने नुआले का आगाज शिव आरती से किया, इसके बाद एक से बढ़कर एक शिव ऐंचड़ी जिसमें ना वो थिई धरती आकाश, महादेवा हो महादेवा, ले वो शामी तेरा वो नुआला सहित दर्जनों स्तुतियों से खूब गुणगान कर भक्तों को मन्त्रमुग्ध कर दिया।
देवभूमि के प्राचीन गद्दी समुदाय के तहत आने वाले गद्दी धौगरी व लौहार सेवा दल की ओर से द्वितीय वार्षिक भव्य नुआले का आयोजन इस बार देवभूमि हिमाचल की शक्तिपीठों की धरती कांगड़ा के श्री चांमुडा मंदिर परिसर के लंगर भवन में शनिवार से रविवार सुबह तक किया गया। नुआले का 21 जून शनिवार, जोकि वर्ष का सबसे बड़ा दिन होने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय संगीत दिवस व विश्व योग दिवस के दिन यह पर्व मनाया गया। इस मौके पर गद्दी सिप्पी सेवादल के अध्यक्ष देशराज अत्री व उनके साथ दर्जनों पदाधिकारी व परिवार के सदस्य विशिष्ठ अतिथि के रूप में शामिल रहे। द्वितीय वार्षिक शिव पूजन नुआला व भंडारे के रूप में कांगड़ी धाम का भी आयोजन किया गया। इसमें समस्त क्षेत्र के लोगों सहित विभिन्न राज्यों से आए हुए लोगों ने भोले का प्रसाद भंडारे के रूप में ग्रहण किया। इस दौरान शैक्षणिक, सरकारी क्षेत्र में बेहतरीन सेवाओं, खेल, समाज सेवा व अन्य विभिन्न गतिविधियों में बेहतरीन कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर गद्दी धौगरी व लौहार सेवा दल हिमाचल प्रदेश के सभी सदस्य एवं परिवारों के सभी लोग बड़ी संख्या में शामिल रहे।