जींद : राज्यपाल ने की अधिकारियों के साथ बैठक

राज्यपाल घोष ने रेडक्रास सोसायटी द्वारा दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली और समाज हित में किए जा रहे कार्यों की फीडबैक ली। उन्होंने रेडक्रॉस सचिव को निर्देश दिए कि वे सोसायटी द्वारा दी जा रही सेवाओं के अलावा टीबी के उन्मूलन के लिए और अधिक विशेष कदम उठाएं तथा आमजन को निक्षय योजना के तहत टीबी मरीजों को गोद लेने के लिए प्रेरित करें। महामहिम ने कहा कि वे स्वयं भी टीबी के पांच मरीजों को गोद लेंगे और उन्हें छह माह तक पोषण किट उपलब्ध करवाएंगे। इसके बाद उन्होंने डीसी मोहम्मद इमरान रजा व एसपी कुलदीप सिंह को जिला में नशा के दुष्प्रभावों के बारे में अधिकाधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

इस पर डीसी ने महामहिम को अवगत करवाया कि जिला में सात नशा मुक्ति केंद्र संचालित हैं। वहीं पुलिस द्वारा भी नशे पर अंकुश लगाने को लेकर निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसके बाद राज्यपाल ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, ग्रामीण विकास आदि का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि इन सभी योजनाओं का धरातल पर प्रभावी रूप से क्रियान्वयन किया जाए और पात्र व्यक्ति तक निर्बाध तरीके से योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाए।

इस अवसर पर डीसी मोहम्मद इमरान रजा, पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, एडीसी विवेक आर्य, सीआरएसयू के कुलगुरु रामपाल सैनी, एसडीएम जींद सत्यवान सिंह मान, डीएमसी सुरेन्द्र दुहन, नरवाना एसडीएम जगदीश चंद्र, उचाना एसडीएम दलजीत सिंह, जुलाना एसडीएम होशियार सिंह, सफीदों एसडीएम पुलकित मल्होत्रा, सीईओ जिप अनिल दून, आरटीए गिरीश कुमार, नगराधीश मोनिका रानी, रेडक्रॉस सचिव रवि हुड्डा आदि मौजूद रहे।