अंबिकापुर : मैनपाट में पारा पांच डिग्री, सरगुजा संभाग में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं ने पूरे सरगुजा क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है। पिछले कुछ दिनों से मोनथा के प्रभाव के खत्म होते ही ठंडी उत्तरी हवाओं का असर बढ़ा है। दिन के तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है, जो अब घटकर 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। मैनपाट, जो समुद्र तल से लगभग 1150 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है, में दिन में भी सर्द हवाओं का असर बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय कोहरे के कारण दृश्यता भी प्रभावित हो रही है।

मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग के सभी जिलों के लिए शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानी ए.एम. भट्ठ ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से नीचे जा सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।