योग से सेहत और संस्कार दोनों — राज्य स्थापना दिवस पर लोहाघाट में शानदार आयोजन

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा और जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आनंद सिंह गुसाईं ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया और नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

प्रतियोगिता की शुरुआत में योग अनुदेशकों ने कॉमन योगा प्रोटोकॉल का सामूहिक अभ्यास कराया, जिससे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। इसके बाद मुख्य प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न जटिल और कलात्मक योग आसनों का आकर्षक प्रदर्शन किया।

इस प्रतियोगिता में कु. त्रिशा कन्याल (होली विस्डम स्कूल, मानेश्वर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कु. शगुन देउपा (राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, लोहाघाट) द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि कु. भावना राय (जी.जी.आई.सी., लोहाघाट) ने तृतीय स्थान हासिल किया।

इस आयोजन में होली विस्डम स्कूल मानेश्वर, जी.आई.सी. लोहाघाट, जी.जी.आई.सी. लोहाघाट, डी.ए.वी. स्कूल, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, गुरुकुलम् अकेडमी और मल्लिकार्जुन स्कूल लोहाघाट के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने योग के माध्यम से स्वास्थ्य, अनुशासन और मानसिक संतुलन का संदेश दिया।