जींद, 29 मार्च । हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है और आने वाले समय में भी यह सिलसिला जारी रहेगा। मेडिकल कॉलेज जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट से क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा युवाओं के लिए रोजगार एवं शिक्षा के नए अवसर सृजित होंगे। इसके शुरू होने से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी और बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी।
हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा रविवार को पांच अप्रैल को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जींद में होने जा रही विकास रैली को लेकर जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे। विकास नगर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए डिप्टी स्पीकर ने कहा कि विकास रैली में जींद को करोडों रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिलेंगी। हालांकि किसी भी बड़े प्रोजेक्ट को पूरी तरह स्थापित होने में समय लगता है और मेडिकल कॉलेज भी आने वाले वर्षों में क्षेत्र के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार से क्षेत्र की कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी। जिससे औद्योगिक विकास को भी बल मिलेगा। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण क्षेत्र में उद्योगों और निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए भाखड़ा का पानी उपलब्ध करवाने की दिशा में भी कार्य किया गया है। जिससे लोगों को स्वच्छ पेयजल मिलेगा। वर्तमान में किए जा रहे विकास कार्य दीर्घकालिक हैं जो आने वाली पीढिय़ों के भविष्य को सुदृढ़ करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं और भविष्य में भी विकास कार्यों की गति बनाए रखी जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे विकास कार्यों में सहयोग बनाए रखें। इस अवसर पर पार्षद राममेहर, गुलशन रोहिल्ला, राधेश्याम शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।