रायपुर, 21 फरवरी (हि. स.)। शहर की यातायात व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त विश्वदीप एवं ट्रैफिक डीसीपी विकास कुमार सड़कों पर निकले और यातायात सुगम बनाने के लिए बनाई जा रही प्रस्तावित कार्य पर मंथन किया।
वरिष्ठ अधिकारीगण रायपुरा चौक पहुंचे और यहां पर बार-बार लगने वाले ट्रैफिक जाम के कारणों की जानकारी ली।
कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने कहा कि, सड़क किनारे लगे पेड़ों को शिफ्ट किया जाए साथ ही बिजली के खंबे और लगे वायरिंग को अंडरग्राउंड किया जाए। यह करते समय व्यवस्थित रूप से कार्य योजना बनाई जाए। ताकि बार-बार सड़क खोदनें की नौबत ना आए।
उल्लेखनीय है कि, चंदनीडीह से महादेव घाट, मनुआस रीएलिटी से महादेव घाट और रायपुरा चौक से सरोना तक सर्विस रोड़ का चौड़ीकरण प्रस्तावित है।
कलेक्टर सहित समस्त वरिष्ठ अधिकारियों ने इन मार्गों पर स्वयं गए और जगह-जगह पर रूक कर प्रस्तावित योजनाओं का जमीनी जायजा लिया। कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त एवं डीसीपी ट्रैफिक सहित आला अधिकारी एक्सप्रेस-वे पर गए, वहां जिन स्थानों पर एक्सप्रेस-वे की तरफ ओपनिंग की गई है उसे बंद करने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर ट्रैफिक एडीसीपी विवेक शुक्ला, एसीपी गुरजीत सिंह एवं सतीश ठाकुर, पीडब्लूडी के कार्यपालन अभियंता राजीव नशीने एवं टाउंन एंड कंट्री के अधिकारी आभाश मिश्रा सहित संबंधित उपस्थित थे।