कांकेर, 21 मार्च । जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पुजारीपारा में किराए पर ट्रक लेकर पैसा नहीं देने व ट्रक वापस नहीं करने वाले आरोपित साबिर अली सिराजुद्दीन सैय्यद को पुलिस ने गिरफ्तार कर आज शनिवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर लिया है।
अंतागढ़ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित चरण कुमार 26 वर्ष निवासी ग्राम पुजारीपारा कानागांव, जिला कोंडागांव ने अपनी मेहनत से वर्ष 2024 में अशोक लीलैंड ट्रक इंडोस्टार कैपिटल फाइनेंस लिमिटेड से फाइनेंस पर खरीदा था, जिससे कि परिवार का भरण-पोषण कर सके, किश्ते भरने में आने वाली कठिनाई से वह मानसिक तनाव में आ गया था। दिसंबर 2024 के अंत में अंतागढ़ बस स्टैंड पर आरोपित साबिर अली सिराजुद्दीन सैय्यद से पीड़ित की मुलाकात हुई। आरोपित ने युवक की आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाकर उसे बार-बार मीठी-मीठी बातों में फंसाकर कहा कि वह परिवहन का बड़ा काम करता है।
आरोपित ने ट्रक को 6 महीने के लिए किराए पर लेने की बात कही और प्रति माह 7000 किलोमीटर के हिसाब से एक लाख 20 हजार रुपये देने का वादा भी किया। पीड़ित आरोपित के प्रलोभन में आ गया और 27 जनवरी 2025 को अंतागढ़ तहसील में नोटरी के सामने लिखित में अनुबंध किया गया। अनुबंध के अनुसार ट्रक आरोपित को सौंप दिया गया, किंतु आरोपित ने किराया अनुबंध का उल्लंघन किया। आरोपित ने न तो किराया दिया और न ही जुलाई 2025 में अवधि समाप्त होने के बाद ट्रक वापस किया। पीड़ित ट्रक मांगता तो आरोपित उसे धमकी देता था कि वह ट्रक को वापस नहीं करेगा। जिससे परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपित साबिर अली सिरजुद्दीन सैय्यद को दीगर राज्य जिला चन्द्रपुर (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर आरोपित द्वारा मामले को कबूल करने पर गिरफ्तार कर कार्रवाई उपरांत आज शनिवार काे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।