डीएनडी 2.0 ऐप से अनचाहे कॉल से बचाव संभव : बबीता

खूंटी, 30 मार्च । केजीबीवी सीएम उत्कृष्ट विद्यालय कर्रा में सोमवार को भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई), भारत सरकार, नई दिल्ली के सौजन्य से प्रगति एजुकेशनल एकेडमी, रांची की ओर से मोबाइल टेलीकॉम उपभोक्ताओं के लिए एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की वार्डन रश्मि कुमारी, संस्था की सीईओ बबीता कश्यप तथा डॉ विकास चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर अतिथियों काे शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में बबीता कश्यप ने छात्र-छात्राओं को टेलीकॉम उपभोक्ताओं के अधिकारों और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया के दौर में मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग बढ़ा है, लेकिन इसके साथ सावधानी भी जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही से साइबर ठगी का शिकार होना पड़ सकता है। उन्होंने डीएनडी 2.0 ऐप के माध्यम से अनचाहे कॉल से बचाव और मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी (एमएनपी) की जानकारी भी दी।

डॉ विकास चतुर्वेदी ने बताया कि ट्राई के नियमों के तहत कोई भी टेलीकॉम कंपनी उपभोक्ताओं के साथ धोखा नहीं कर सकती। उन्होंने साइबर ठगी से बचने के लिए व्यक्तिगत जानकारी किसी से साझा न करने की सलाह दी। कार्यक्रम में वीडियो प्रस्तुति, सवाल-जवाब और फीडबैक के माध्यम से छात्राओं को जागरूक किया गया।