जोधपुर, 22 अपै्रल । शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए जोधपुर पुलिस द्वारा संचालित अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर एक बार फिर अपनी सतर्कता और तकनीकी दक्षता के कारण चर्चा में रहा। सेंटर की निगरानी के चलते भदवासिया फल मंडी क्षेत्र में चोरी की वारदात को समय रहते विफल कर दिया गया। यह पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त शरत कविराज के निर्देशन में डीसीपी मुख्यालय व यातायात शहीन सी. के सुपरविजन तथा अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के प्रभारी एडीसीपी नरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में अंजाम दी गई।
एडीसीपी नरेंद्र चौधरी ने बताया कि बुधवार को सुबह करीब 8.50 बजे लाइव मॉनिटरिंग के दौरान कांस्टेबल फिरोज खान ने भदवासिया फ्रूट मंडी क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए दो संदिग्ध युवकों की गतिविधियों पर नजर रखी। करीब एक घंटे की निगरानी में दोनों युवक लोडिंग टैक्सियों में पीछे से चढक़र सामान उतारते नजर आए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अत्याधुनिक वीएसआर तकनीक के माध्यम से तुरंत इवेंट क्रिएट कर डिस्पैचर को भेजा गया। इसके बाद संबंधित क्षेत्र की पीसीआर वैन को मोबाइल टर्मिनल डाटा जरिए सूचना प्रेषित की गई। जीपीएस लोकेशन के आधार पर पीसीआर वैन मौके पर पहुंची, जहां एएसआई मोहनराम व उनकी टीम ने दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपिताें को अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस थाना महामंदिर लाया गया। इस पूरी कार्रवाई में अभय कमांड सेंटर की तत्परता, तकनीकी दक्षता और पुलिस टीम के समन्वय से समय रहते अपराध को रोका जा सका।