नैनीताल, 25 अप्रैल । नैनीताल जनपद के रामनगर के एमपी हिंदू इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत गोपाल ने उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में 500 में से 491 अंक प्राप्त कर 98.2 प्रतिशत के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र एवं जनपद के शिक्षा जगत में खुशी और उत्साह का वातावरण है और परिजनों सहित स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
अक्षत ने भविष्य में अभियंता बनना का लक्ष्य रखा है। उन्होंने बताया कि उन्होंन बिना किसी ट्यूशन या कोचिंग के नियमित-प्रतिदिन 4 से 5 घंटे अध्ययन के बल पर यह सफलता प्राप्त की। उन्होंने इस दौरान मोबाइल से दूरी बनाकर एकाग्रता बनाए रखी। उन्होंने बताया कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और अनुशासन ने उन्हें यह उपलब्धि दिलायी है। अक्षत के पिता गोपाल निजी विद्यालय में शिक्षक हैं।
उन्होंने पुत्र की सफलता पर संतोष व्यक्त किया है। अक्षत की उपलब्धि से परिवार में उत्सव का वातावरण है और लोगों द्वारा बधाई दी जा रही है। उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।