सूरजपुर : सुशासन तिहार की तैयारी तेज, पंचायतों में आवेदन संग्रहण शुरू

सूरजपुर, 22 अप्रैल । जिले में सुशासन तिहार के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देश पर 22 से 29 अप्रैल तक सभी ग्राम पंचायतों में आमजन से आवेदन लिए जा रहे हैं, ताकि समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

निर्देशानुसार ग्राम स्तर पर शिविर आयोजित कर हल्का पटवारी एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में ग्रामीणों से शिकायतों और मांगों से जुड़े आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। प्राप्त आवेदनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित विभागों को भेजा जा रहा है, जिससे उनका त्वरित निराकरण हो सके।

प्रशासन का कहना है कि 01 मई से सुशासन तिहार का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जरूर दें, ताकि सुशासन तिहार के माध्यम से उनका प्रभावी समाधान किया जा सके।