गांव-गांव में ग्राम और सरकारी योजनाओं का प्रचार करेंगे रथ, हरी झंडी दिखा बीकानेर से किया रवाना

बीकानेर, 28 अप्रैल । ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को सरकार की योजनाओं से रूबरू करवाने तथा 23 से 25 मई तक जयपुर में होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से पंद्रह दिवसीय ग्राम रथ अभियान मंगलवार को शुरू हुआ।कलेक्ट्रेट परिसर से खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, जिला कलेक्टर निशांत जैन और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जिले की पांचों ग्रामीण विधानसभाओं के लिए एक-एक ग्राम रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान कच्छी घोड़ी और मशक वादकों ने लोक धुनों की सुमधुर स्वरलहरियां बिखेरी। पहले दिन यह रथ 26 ग्राम पंचायतों तक पहुंचेंगे।

जिला कलेक्टर निशांत जैन ने 15 दिनों तक चलने वाले अभियान का कार्यक्रम निर्धारित करते हुए सभी अधिकारियों को इसके अनुसार गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह रथ प्रतिदिन औसतन पांच ग्राम पंचायतों में पहुंचेंगे। रथों के साथ कला जत्था भी रहेगा, जो योजनाओं को रोचक तरीके से प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान अभियान से जुड़े 13 विभागों की योजनाओं से संबंधित सामग्री का वितरण भी किया जाएगा। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी को अभियान का नोडल अधिकारी तथा विधानसभा स्तर पर उपखंड अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस दौरान जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) रमेश देव, उपखंड अधिकारी महिमा कसाना, जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक हरि शंकर आचार्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।