हरियाणा में निवेश को आगे आई कई कंपनियां

चंडीगढ़, 22 अप्रैल । कई अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने हरियाणा सरकार को निवेश तथा उद्योगों के विस्तार का प्रस्ताव दिया है। बुधवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ हुई बैठक में कॉन्टिनेंटल कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रशांत दोरेस्वामी ने बताया कि कंपनी मानेसर में आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक प्लांट स्थापित करने की योजना बना रही है तथा धारूहेड़ा में इसके लिए स्थान चिह्नित किया गया है। इस परियोजना में लगभग 1000 करोड़ रुपये के शुरुआती निवेश का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस परियोजना से संबंधित सभी औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा किया जाए।

पैनासोनिक लाइफ सॉल्यूशंस इंडिया के प्रबंध निदेशक हीरोकाजु कामोदा व उप प्रबंध निदेशक सौरभ रावत व अन्य प्रतिनिधियों ने बताया कि झज्जर स्थित उनके प्लांट में वर्तमान में 5 लाख एसी यूनिट प्रतिवर्ष उत्पादन हो रहा है, जिसे बढ़ाकर 20 लाख यूनिट करने की योजना है। इसके लिए कंपनी लगभग 200 करोड़ रुपये का प्रारंभिक निवेश करेगी।

कंपनी द्वारा एक्सपोर्ट सब्सिडी से संबंधित सुझाव देने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक्सपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए पांच फीसद से शुरू कर विभिन्न स्लैब तैयार किए जाएं, ताकि अधिक कंपनियां निर्यात के लिए प्रेरित हों।

इसराइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की भारतीय कंपनी एयरोस्पेस इंडिया क्षेत्र के चीफ ऑफ स्टाफ कंवर विजय सिंह ने जानकारी दी कि कंपनी भारत में डिफेंस क्षेत्र में 3000 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। भारत में निवेश के लिए देश में सात स्थान चिह्नित किए गए हैं। जिनमें हरियाणा भी शामिल है। कंपनी द्वारा मिलिट्री डिफेंस सिस्टम के क्षेत्र में 3000 करोड़ रुपये का जो निवेश प्रस्तावित है वह मेक इन इंडिया वेयर मेक इन हरियाणा को एक बड़ी सौगात होगी। उन्होंने बताया कि इंडिया व इजरायल के बीच सप्लाई चैन को लेकर काफी कम हुआ है और इस निवेश से डिफेंस सिस्टम में और अधिक मजबूती मिलेगी।