पेड़ से टकराईं शादी समारोह से लौट रही कार, पांच घायल

लाेहरदगा, 26 अप्रैल ।कुडू थाना क्षेत्र के कुड़ू – लोहरदगा मुख्य पथ पर फादर बंगला के समीप बाराती वाहन के पेड़ से टकराने के कारण वाहन में सवार पांच लोग घायल हो गए हैं , सभी घायलों का कुड़ू सीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है।

बताया जाता है कि रांची के मधुकम निवासी राजेश साहू अपनी पुत्री की शादी में शामिल होने के लिए परिवार के साथ अपनी वैगन आर कार नंबर (जे एच 01 एफएफ 7666) से लोहरदगा के गुदरी बाजार स्थित मुंद्रिका बेक्वेंट हाल गए थे। शादी में शामिल होकर रविवार की अहले सुबह पांच बजे लोहरदगा से अपने घर रांची मधुकम लौट रहे थे।

इसी बीच सुबह लगभग सात बजे चालक को झपकीं आ गया नतीजा कार फादर बंगला के समीप एक सुखे आम के पेड़ से जा टकराई। इस घटना में कार में सवार सभी पांच लोग परमानंद साहू, राजेश साहू, बंसती देवी, मिली कुमारी और जिसिका कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे व पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे कुड़ू थाना के सअनि अविनाश सिंह ने ग्रामीणों के सहयोग से सभी को इलाज के लिए कुड़ू सीएचसी पहुंचाया जहां डाक्टर आफताब ने सभी का इलाज किया।

घटना की सूचना के बाद स्थानीय पत्रकार मौके पर पहुंचे और घायलों को प्राथमिक इलाज कराने के बाद रांची रिम्स रेफर कराने में काफी सहयोग किया। घटना के बाद परिवार के लोग लोहरदगा से कुड़ू पहुंचे और घायलों को रांची रिम्स रेफर कराने में सहयोग करने वाले सभी पत्रकारों का धन्यवाद किया। घटना के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।