प्रयागराज, 28 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित करछना विधानसभा सीट से विधायक पियूष रंजन निषाद के काफिले को सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा नैनी क्षेत्र में पुराने यमुना पुल के पास बढ़ा कट के समीप हुआ। हालांकि घटना में विधायक समेत कार में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे और कोई जनहानि नहीं हुई।
सहायक पुलिस आयुक्त करछना सुनील कुमार सिंह ने बताया कि
विधायक पियूष रंजन निषाद नैनी से शहर की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनका काफिला पुराने यमुना पुल के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने काफिले के एक वाहन में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा कर्मी तुरंत सक्रिय हो गए।
हादसे के बाद विधायक अपने वाहन से नीचे उतर आए। उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी और अन्य लोग भी बाहर निकल आए। घटना के चलते कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची नैनी पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर चालक की तलाश की और मंगलवार को पुलिस चालक तक पहुंच गई। सुनील कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक और चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।