नारी शक्ति वंदन पर कांग्रेस का पैदल मार्च आज, महिला आरक्षण को लेकर सरकार का करेंगे घेराव

भाेपाल, 26 अप्रैल । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ‘नारी शक्ति वंदन’ को लेकर सियासत तेज हो गई है। महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस आज रविवार काे पैदल मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराएगी। इस मार्च में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

यह पैदल मार्च शाम 4 बजे प्लेटिनम प्लाज़ा से शुरू होकर टीनशेड, टॉप एंड टाउन, न्यू मार्केट होते हुए रोशनपुरा चौराहा तक जाएगा। पार्टी ने सभी पदाधिकारियों, मोर्चा-प्रकोष्ठों और कार्यकर्ताओं को इसमें शामिल होने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने 2023 में पारित कानून को लागू करने में देरी कर महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय किया है।

पार्टी का कहना है कि यदि सरकार की नीयत साफ होती, तो महिला आरक्षण लागू करने में देरी नहीं होती। कांग्रेस ने यह भी मांग की है कि लोकसभा की 543 सीटों में 33 प्रतिशत आरक्षण तत्काल लागू किया जाए और इसमें पिछड़ा वर्ग, दलित व आदिवासी महिलाओं को भी उचित भागीदारी दी जाए। कांग्रेस नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं, महिला संगठनों, युवाओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस पैदल मार्च में शामिल होकर महिलाओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की आवाज को मजबूत करें।