थॉमस कप में लक्ष्य सेन की हार के बावजूद भारत ने कनाडा पर बनाई बढ़त

नई दिल्ली, 24 अप्रैल । थॉमस कप में भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए कनाडा के खिलाफ पहले मुकाबले में 3-1 की बढ़त बना ली है। डेनमार्क के फोरम हॉर्सेन्स में खेले जा रहे इस मुकाबले में किदांबी श्रीकांत का मैच अभी बाकी है।

भारत के लिए आयुष शेट्टी, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी, तथा हरिहरन अम्साकरुनन और एम.आर. अर्जुन की जोड़ी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

आयुष शेट्टी ने ब्रायन यांग को सीधे गेम में 21-13, 21-17 से हराया। वहीं, सात्विक-चिराग की जोड़ी ने जोनाथन लाई और केविन ली को 21-10, 21-11 से हराकर भारत की बढ़त को और मजबूत किया। इसके बाद हरिहरन और अर्जुन की जोड़ी ने टाई अलेक्जेंडर लिंडेमैन और नायल याकुरा को 21-7, 21-7 से शिकस्त दी।

हालांकि, भारत को पहला झटका लक्ष्य सेन के रूप में लगा, जिन्हें शुरुआती मुकाबले में विक्टर लाई के खिलाफ 21-18, 19-21, 10-21 से हार का सामना करना पड़ा।

इसके बावजूद भारत ने मुकाबले में 3-1 की बढ़त बनाकर जीत की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं, जबकि किदांबी श्रीकांत का मुकाबला अभी खेला जाना बाकी है।