बद्रीनाथ के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा 2026 का आगाज़

देहरादून, 23 अप्रैल । उत्तराखंड में बहुप्रतीक्षित चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया है। गुरुवार को बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही राज्य के चारों प्रमुख धाम केदारनाथ धाम, गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ पूरी तरह से खुल गए हैं। इसके साथ ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही तेज हो गई है।

गुरुवार प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर बद्रीनाथ धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही मंदिर परिसर में “जय बद्री विशाल” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि और देशवासियों के कल्याण की कामना की।

कपाट खुलने के साथ ही हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए और धाम मेंए प्रज्वलित अखंड ज्योति के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं की लंबी कतारें सुबह से ही मंदिर परिसर में देखी गईं।

गौरतलब है कि गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर पहले ही खोल दिए गए थे, जबकि केदारनाथ धाम के कपाट भी निर्धारित तिथि पर विधि-विधान से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।

चारधाम यात्रा शुरू होते ही प्रशासन और सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में है। यात्रा मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं, ट्रैफिक प्रबंधन और ठहरने की व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

राज्य सरकार ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और मौसम व स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतें, ताकि यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।