नेता प्रतिपक्ष ने घोड़ा-खच्चरों के बीमा पर 80 प्रतिशत की अनुदान की मांग

देहरादून, । नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने केदारनाथ यात्रा मार्ग पर संचालित घोड़ा-खच्चरों के बीमा के लिए 80 प्रतिशत अनुदान यात्रा व्यवस्था खाते से देने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को बुधवार को पत्र भेजा है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि गौरीकुंड से केदारनाथ के बीच करीब 5000 घोड़ा-खच्चरों के लाइसेंस बनते हैं और इस वर्ष लाइसेंस जारी करने से पहले बीमा कराना अनिवार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 तक बीमा राशि का 80 प्रतिशत हिस्सा सरकार अनुदान के रूप में देती थी,लेकिन पिछले दो वर्षों से यह सुविधा बंद है।

यशपाल आर्य ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में घोड़ा-खच्चरों से प्राप्त शुल्क के रूप में करीब 40 करोड़ रुपये से अधिक धनराशि यात्रा व्यवस्था खाते में जमा हुई है, जिसमें से अधिकांश खर्च किया जा चुका है,लेकिन संबंधित कार्यों पर सीमित खर्च हुआ है।

उन्होंने सुझाव दिया कि यदि इस वर्ष 5000 खच्चरों के बीमा पर 80 प्रतिशत अनुदान यात्रा व्यवस्था खाते से दिया जाए, तो लगभग 1.40 करोड़ रुपये की आवश्यकता होगी।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि घोड़ा-खच्चर संचालकों का यात्रा संचालन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है,इसलिए उनके हित में यह निर्णय लिया जाना चाहिए।