अमेरिकी गणतंत्र पर हमला नया नहीं, देशवासी लें मतभेदों को शांतिपूर्वक सुलझाने का संकल्पः ट्रंप

वाशिंगटन, 26 अप्रैल । राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी गणतंत्र पर हमला नया नहीं है। इससे पहले भी राष्ट्र को लहूलुहान किया गया है। उन्होंने देशवासियों से आपसी मतभेदों को शांतिपूर्वक सुलझाने का आह्वान भी किया । वाशिंगटन डीसी में शनिवार शाम अभेद्य किलेबंदी के बीच चल रहे व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान पर कार्यक्रम स्थल के बाहर हुई गोलीबारी में पूरी तरह सुरक्षित ट्रंप ने इस घटना पर चिंता जताते हुए संघीय एजेंट्स और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की तारीफ की।

फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटना करीब 30 मिनट बाद व्हाइट हाउस के ब्रीफिंग रूम से संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वार्षिक डिनर का आयोजन वाशिंगटन हिल्टन होटल के बॉलरूम में किया गया था। इस दौरान कई तरह के हथियारों से लैस एक व्यक्ति सुरक्षा घेरे की तरफ बढ़ा। एजेंट्स और अन्य सुरक्षा कर्मचारियों ने संदिग्ध को आगे बढ़ने से रोका और उसे हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने कहा कि संदिग्ध ने एक एजेंट को बहुत करीब से गोली मारी। इस अधिकारी के बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने कारण अनहोनी टल गई। अधिकारी पूरी तरह ठीक है।

व्हाइट हाउस के ब्रीफिंग रूम में ट्रंप के संवाददाता सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए कई पत्रकार तो सीधे हिल्टन होटल से पहुंचे। ट्रंप ने संवाददाता सम्मेलन से पहले संदिग्ध की तस्वीरें और वीडियो ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट किए। ट्रंप ने इस घटना को कार्यक्रम के मूल उद्देश्य पर सीधा हमला भी बताया। उन्होंने कहा, “यह कार्यक्रम अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को समर्पित था। इसका मकसद दोनों पार्टियों के सदस्यों और प्रेस के सदस्यों को एक साथ लाना था।

ट्रंप ने कहा कि इस घटना से साफ है कि सुरक्षा व्यवस्था को और भी कड़ा करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वाशिंगटन हिल्टन होटल सुरक्षित इमारत नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे अच्छा तो व्हाइट हाउस का निर्णाधीन बॉलरूम है। यहां ड्रोन प्रूफ सुरक्षा और कांच की बुलेट प्रूफ दीवारें होंगी।

उन्होंने इस गोलीबारी से पैदा हुए डर को अमेरिका पर मंडरा रहे खतरों के एक बड़े सिलसिले से भी जोड़ा। उन्होंने कहा, “पिछले कुछ सालों में यह पहली बार नहीं है जब हमारे गणतंत्र पर किसी ऐसे हमलावर ने हमला किया हो, जो किसी की जान लेने के इरादे से आया हो।” उन्होंने अमेरिकियों से आग्रह किया, ” दिल से यह संकल्प लें कि आपसी मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएंगे।” ट्रंप ने कहा, यह डिनर अगले 30 दिनों के भीतर फिर से आयोजित किया जाएगा। यह और बेहतर और ज्यादा शानदार होगा।”

अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध की पहचान 31 वर्षीय कोल एलन के रूप में हुई है। कानून प्रवर्तन के अनुसार, एलन संभवतः वाशिंगटन हिल्टन होटल में एक मेहमान के तौर पर मौजूद था। इस संबंध में डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया की यूएस अटॉर्नी जीनिन पिरो ने कहा कि एलन पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। वह पहले भी बंदूक हिंसा कर चुका है। उस पर एक फेडरल अधिकारी पर हमला करने का आरोप है। इस बीच पूर्व हाउस स्पीकर नैन्सी पेलोसी ने व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के बाहर हुई गोलीबारी की घटना को खौफनाक बताया है। उन्होंने कहा कि यह राहत की बात है कि डिनर में मौजूद राष्ट्रपति, प्रथम महिला और बाकी सभी लोग सुरक्षित हैं।