चंडीगढ़, 20 मई । पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता और अभिनेता योगराज सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर चंडीगढ़ जिला अदालत में बुधवार को सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले की अगली सुनवाई 26 मई को निर्धारित की गई है।
यह मामला चंडीगढ़ के सेक्टर-36 थाना पुलिस में दर्ज एफआईआर से जुड़ा है, जिसमें कथित तौर पर एक वीडियो क्लिप के आधार पर शिकायत दी गई थी। योगराज सिंह के खिलाफ दो एडवोकेट्स ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो क्लिप का हवाला दिया गया है, जिसमें कथित रूप से महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का उपयोग किया गया है। यह वीडियो एक हिंदी वेब सीरीज “लुक्खे” के एपिसोड से जुड़ा बताया जा रहा है, जो अमेजन प्राइम वीडियो पर 8 मई को रिलीज हुआ था।
इसी बीच जांच में यह भी सामने आया कि एफआईआर दर्ज करते समय पुलिस ने गलत रूप से पंजाब महिला आयोग का पता दर्ज कर दिया था, जिसे बाद में सुधार लिया गया। मामले में अब 26 मई को अदालत में सुनवाई होगी, जहां अग्रिम जमानत पर अंतिम दलीलें सुनी जा सकती हैं। फिलहाल पुलिस की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।