पलामू पुलिस के ‘मुस्कान अभियान’ से बरामद हुए 88 मोबाइल, धारकों को लौटाए गए फोन

पलामू, 15 मई । पलामू पुलिस की ओर से शुक्रवार को चलाए गए ‘मुस्कान अभियान’ के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम और चोरी हुए 88 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल फोन संबंधित धारकों को वापस सौंपे गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने स्वयं कई लोगों को उनके मोबाइल फोन लौटाए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य आम लोगों को राहत पहुंचाना और गुम हुए मोबाइल की त्वरित बरामदगी सुनिश्चित करना है।

जिले के अलग-अलग थानों में मोबाइल गुम होने और चोरी होने की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। तकनीकी सहायता और पुलिस टीम के समन्वित प्रयास से 88 मोबाइल फोन खोज निकाले गए।

बरामद मोबाइल फोन मेदिनीनगर, छतरपुर, हुसैनाबाद सहित अन्य थाना क्षेत्रों में संबंधित धारकों को सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया और अभियान की सराहना की।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाना में सूचना दें तथा सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इससे पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने और मोबाइल की बरामदगी सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।

पुलिस सभागार में आयोजित मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) राजीव रंजन, राजेश यादव, शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ज्योतिलाल रजवार, चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा, सब इंस्पेक्टर अनिल विद्यार्थी सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।