कोरबा, 01 मई (हि. स.)। आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा के तत्वावधान में 3 मई 2026, रविवार को शहर में एक महत्वपूर्ण चिकित्सक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन दोपहर 12 बजे से ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल औरा गोल्ड में आयोजित होगा। कार्यक्रम में हृदय रोगों के आधुनिक उपचार और स्मार्ट ईसीजी सॉल्यूशन जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
यह आयोजन आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा, ट्राईकाग एक्सीलेरेटिंग कार्डियक केयर बंगलुरु और हृदय गति हेल्थ केयर सर्विस रायपुर के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है। सम्मेलन में जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. बसंत नोरगे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान ट्राईकाग एक्सीलेरेटिंग कार्डियक केयर बंगलुरु के मैनेजर निशांत राज हृदय रोगों में एडवांस कार्डियक केयर और स्मार्ट ईसीजी सॉल्यूशन पर विशेष प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही चिकित्सकों के बीच अनुभव साझा करने और विषय पर परिचर्चा भी आयोजित की जाएगी, जिससे आधुनिक तकनीकों के उपयोग को लेकर जागरूकता बढ़ेगी।
सम्मेलन में आयुष मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ जिले के सभी बीएएमएस चिकित्सकों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा हृदय गति हेल्थ केयर सर्विस रायपुर के संचालक बैसाख नायर और नमित श्रीवास्तव, तथा कोऑर्डिनेटर गोवर्धन साहू भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा के जिलाध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने जिले के सभी आयुष चिकित्सकों से इस सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से चिकित्सकों को नई तकनीकों और उपचार पद्धतियों की जानकारी मिलती है, जो मरीजों के बेहतर उपचार में सहायक साबित होती है।