बलिया, 02 मई । उत्तर प्रदेश में बलिया जिले की कोतवाली के शिवपुर दियर गांव में शुक्रवार की देररात एक मांगलिक कार्यक्रम के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में 11 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज किया जा रहा है।
शहर कोतवाली अंतर्गत शिवपुर दियर के पांडेय का डेरा गांव में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक रामलाल यादव के घर शुक्रवार रात करीब 11 बजे बारात आयी थी। शादी समारोह शांति ढंग से चल रहा था। सभी लोग शादी की खुशियों में मगन थे। तभी अचानक हुई हर्ष फायरिंग में गांव के ही संजय यादव के साथ आये उनके 11 वर्षीय पुत्र पीयूष को गोली लग गई। इसके बाद खुशी का माहौल गमगीन हो गया। आनन-फानन में पीयूष को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शनिवार को सुबह अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा ने बताया कि मृत बालक के परिजनों की प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। आरोपित मृतक का रिश्तेदार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
————-