बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर की संडे ऑन साइकिल रैली, 250 से अधिक जवान शामिल हुए

जालंधर, 24 मई । बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय, जालंधर में फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अभियान के 75वें संस्करण के अवसर पर साइकिल रैली का आयोजन किया गया।

बीएसएफ के हीरक जयंती समारोह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना था।

रैली की शुरुआत अश्विनी स्टेडियम से हुई, जिसमें 250 से अधिक बीएसएफ अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डॉ. अतुल फुलझेले, आईपीएस, महानिरीक्षक बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया और फिटनेस को जीवन का अहम हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

रैली जालंधर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी और अंत में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। कार्यक्रम ने फिट इंडिया अभियान के संदेश को मजबूती दी और प्रतिभागियों को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।