प्रयागराज, 12 मई । डिस्ट्रिक्ट वॉलीबाल एसोसिएशन की ओर से स्थानीय सिविल लाइंस स्थित प्रधान डाकघर के खेल मैदान पर पूर्व अंतरराष्ट्रीय वॉलीबाल खिलाड़ी स्व. राधेश्याम श्रीवास्तव की स्मृति में उनके पुण्यतिथि के अवसर पर दो दिवसीय ‘राधे कप जिला स्तरीय महिला वॉलीबाल प्रतियोगिता’ मंगलवार को सम्पन्न हुई। जिसमें केंद्रीय विद्यालय इफको फूलपुर ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
प्रतियोगिता में जनपद की कुल 8 टीमों ने प्रतिभाग कर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला केंद्रीय विद्यालय इफको फूलपुर और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के बीच खेला। जिसमें केंद्रीय विद्यालय इफको फूलपुर ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय को 25-23 व 25-21 अंको से हराकर स्व.राधेश्याम श्रीवास्तव स्मारक जिला महिला वॉलीबाल प्रतियोगिता की ‘राधे कप’ ट्रॉफी जीत ली।
प्रतियोगिता का समापन समारोह पूर्व अंतरराष्ट्रीय वॉलीबाल खिलाड़ी जॉर्डन एच.नाथ की अध्यक्षता में हुआ। पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि उपस्थित प्रवल डाकपाल प्रधान डाकघर प्रयागराज अशोक त्रिपाठी ने विजेता टीम केंद्रीय विद्यालय इफको फूलपुर के खिलाड़ियों को राधे कप की चैम्पियन ट्रॉफी व व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान किया। विशिष्ट अतिथि द्वय सहायक निदेशक प्रधान डाकघर प्रमिला यादव तथा पूर्व महामंत्री कायस्थ पाठशाला कुमार नारायण ने उपविजेता टीम इलाहाबाद विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान किया।
एसोसिएशन के महासचिव आर.पी.शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान अल्ताफ अली, संतोष कुमार, राजू पाल, निहारिका यादव, गुलशन हाशमी व नृपजीत सचान ने निर्णायक की भूमिका अदा की। प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल मैच में केंद्रीय विद्यालय इफको फूलपुर ने आनंद फौजी एकेडमी को 25-22 व 26-24 अंकों से हराया तथा दूसरे सेमीफाइनल मैच में इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय ने जगत तारन गर्ल्स इंटर कॉलेज को 25-21 व 25-19 अंको से हराकर फाइनल में प्रवेश की थी।
आयोजन समिति के चेयरमैन राकेश श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि एवं आयोजन सचिव राजेश वर्मा ने विशिष्ट अतिथि का बुके एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। उक्त अवसर पर पूर्व जिला क्रीड़ा अधिकारी के.पी.सिंह, फुटबॉल संघ के जिला सचिव मकबूल अहमद, पूर्व राष्ट्रीय वॉलीबाल खिलाड़ी अंगद राय, अरुण सचान, विजय शंकर राय, कौशलेश शर्मा, भाजपा यमुनापार महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष शालिनी श्रीवास्तव, विजया सिंह, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, राजेश श्रीवास्तव, मुकेश शुक्ला, प्रियकांत पाठक, संजय वाष्णेय, अलीमुद्दीन खा, प्रभाकर चौबे, विमलेश कुमार, शिवशंकर, अतुल तिवारी, कमल ओझा व नीलेश श्रीवास्तव आदि जनपद के कई वरिष्ठ खिलाड़ी उपस्थित रहें। अंत में एसोसिएशन के महासचिव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समापन की घोषणा की।