धार: नई फार्मा इकाई मैडइम्पैक्ट लाइफसाइंसेज का आज होगा भव्य उद्घाटन

धार, 31 मई । मध्य प्रदेश के धार जिले के औद्योगिक परिदृश्य में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। फार्मास्युटिकल क्षेत्र की प्रतिष्ठित ‘मैडइम्पैक्ट लाइफसाइंसेज कंपनी द्वारा जिले के ग्राम-उज्जैनी स्थित एमपीआईडीसी इंडस्ट्रियल एरिया (प्लॉट नंबर 125-126) में एक अत्याधुनिक नई विनिर्माण इकाई स्थापित की गई है। इस भव्य औद्योगिक संयंत्र का उद्घाटन आज रविवार को शाम 4:30 बजे होने जा रहा है।

कंपनी के निदेशक द्वय संजय रमनलाल जैन एवं आशीष कैलाश चंद जैन ने बताया कि इस भव्य उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा करेंगे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में धार क्षेत्र की विधायक नीना वर्मा एवं अशोक जैन विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

क्षेत्र में बढ़ेंगे रोजगार और निवेश के अवसर

कंपनी के निदेशक द्वय ने बताया कि यह नई इकाई मुख्य रूप से एपीआई (एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स) और स्टेरॉयड के उच्च गुणवत्तायुक्त निर्माण पर केंद्रित होगी। विज्ञान और अनुसंधान पर आधारित इस अत्याधुनिक प्लांट के शुरू होने से न केवल स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और औद्योगिक निवेश के नए अवसर भी सृजित होंगे।