उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर मेंं थाना अखण्डनगर क्षेत्रान्तर्गत गौकसी के एक आरोपित को पुलिस ने मुठभेड़ में दबोच लिया। गोली लगने से घायलवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक बृजजनारायण सिंह ने मंगलवार को बताया कि बीती रात थाना अखंडनगर पुलिस को, एक गौकशी के आरोपित की क्षेत्र में सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर थाना अखंडनगर की टीम ने उस क्षेत्र की घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की। इस पर आरोपित ने पुलिस पर फ़ायरिंग कर दी । जवाब में थाना अखंडनगर की टीम ने आत्मरक्षार्थ फ़ायर किया । इसमें आरोपित घायल हो गया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके पास से एक बलेनो गाड़ी, एक 315 बोर का तमंचा और एक कारतूस जिंदा भी बरामद किया है। पुलिस की पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मोहम्मद आसिफ पुत्र मोहम्मद मुजफ्फर, निवासी घोषपुर, थाना शाहगंज, जिला जौनपुर बताया। आरोपित के ऊपर पूर्व मे गौकसी के छह मुकदमे भी दर्ज हैं । विगत कुछ दिनों पहले थाना जयसिंहपुर में गौकशी की एक घटना हुई थी, उसमें भी उसकी संलिप्तता थी। इलाज हेतु उसको सीएचसी अखंडनगर भेजा गया है। कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है, अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।