अलवर, 20 मई । राजस्थान के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा थाना परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब थाना परिसर में खड़े जप्त वाहनों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और अनगिनत बाइक व अन्य वाहन धू-धू कर जलने लगे। आग इतनी भयावह थी कि जप्त बाइकों में मौजूद पेट्रोल टैंकों में लगातार धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और थाना परिसर के बाहर भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब आधा दर्जन फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
थानाधिकारी संजय मीणा ने बताया कि थाना परिसर के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन में स्पार्किंग होने के कारण आग लगी। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैल गई और जप्त वाहन उसकी चपेट में आ गए। फिलहाल आग बुझने के बाद जले हुए वाहनों की गिनती की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार बड़ी संख्या में बाइक और अन्य वाहन जलकर पूरी तरह राख हो चुके हैं। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।