बैल को बचाने के प्रयास में डीजे गाड़ी पलटी, ०७ घायल

खूंटी, 08 मई । तोरपा थाना क्षेत्र के जागु गांव के पास शुक्रवार को एक डीजे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उस पर सवार सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज रेफरल अस्पताल तोरपा में चल रहा है।

घायलों में सुधीर कच्छप (30), दुगिया कच्छप (22), अशोक लकड़ा (19), अभिराम हेमरोम (22), बंधना कच्छप (25), मदन कच्छप (23) और पवन धान (13) शामिल हैं। सभी घायल जरियागढ़ थाना क्षेत्र के चांन्हो गांव के निवासी बताए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी लोग रनिया में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर डीजे गाड़ी से अपने गांव चान्हो लौट रहे थे। इसी दौरान जागु गांव के पास सड़क पर अचानक आए एक बैल को बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और डीजे गाड़ी पलट गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से रेफरल अस्पताल तोरपा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। बताया गया कि सभी की स्थिति खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलने पर झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष रूबेन टोपनो अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।