खूंटी, 02 मई । जिला के सायको थाना क्षेत्र में पिछले दिनों बुद्धदेव मुंडू उर्फ बुधु मुंडा नामक युवक की हुई हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में चोंडे मुंडू (19), लोदरो मुंडू (19), कोंता मुंडू (19) और नारदे मुंडू (27) शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपितों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि 24 अप्रैल की रात मृतक के साथ आरोपितों का विवाद हुआ था। विवाद के कारण ही डंडा और पत्थर से मारकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को नदी में पत्थरों के नीचे दबा दिया गया था। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा और पत्थर भी बरामद कर लिया है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
उल्लेखनीय है कि 26 अप्रैल को पुलिस ने बाड़ेडीह बलंगा गांव निवासी बुद्धदेव मुंडू उर्फ बुधु मुंडा का शव बलंगा नदी में पत्थरों के बीच दबा हुआ बरामद किया था।
घटना के बाद हत्या का मामला दर्ज कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खूंटी वरुण रजक के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया।
तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त चारों आरोपितों को पकड़कर पूछताछ की तो मामले का खुलासा हो गया। सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि मामले में अन्य संभावित आरोपितों की तलाश जारी है।
छापेमारी दल में खूंटी एसडीपीओ के अलावा खूंटी अंचल के पुलिस निरीक्षक फ्रांसिस जेवियर बाड़ा, सायको थाना प्रभारी प्रभात रंजन पांडेय सहित अन्य पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।