राजधर्म भूलकर केंद्र की योजनाओं को रोक रही हेमंत सरकार : बाबूलाल

खूंटी, 24 मई । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से खूंटी जिले में चलाए जा रहे दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान का रविवार को समापन हो गया।

समापन सत्र में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और आगामी पंचायत चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूर्व डिप्टी स्पीकर पद्मभूषण कड़िया मुंडा, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री नीलकंठ मुंडा, तोरपा के पूर्व विधायक कोचे मुंडा एवं प्रशिक्षण अभियान के प्रभारी तथा रांची के पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री निखिल कंडुलना ने किया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न मंच-मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं महामंत्री, सभी 13 मंडलों के मंडल अध्यक्ष और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई।

अपने संबोधन में बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार अपना राजधर्म भूल गई है और केंद्र सरकार की कई योजनाओं को जानबूझकर रोका जा रहा है। उन्होंने राज्य में माफिया राज कायम होने, बालू घाटों और कोयला घाटों से अवैध वसूली एवं आम जनता को जमीन के म्यूटेशन जैसे कार्यों के लिए अंचल कार्यालयों में परेशानियों का सामना करने का आरोप लगाया।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आगामी पंचायत चुनाव को लेकर अभी से तैयारी शुरू करने का आह्वान किया।

समापन सत्र में कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन विस्तार का संकल्प लिया।