एचईसी मजदूरों की समस्याओं के समाधान को लेकर होगी उच्चस्तरीय बैठक

रांची, 10 मई । हटिया मजदूर यूनियन सीटू ने एचईसी मजदूरों के लंबित और ज्वलंत मुद्दों के समाधान के लिए जल्द ही एचईसी प्रबंधन के निदेशकों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करने की घोषणा की है। यह निर्णय रविवार को धुर्वा स्थित यूनियन कार्यालय में यूनियन अध्यक्ष भवन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया।

बैठक के दौरान यूनियन नेताओं ने मजदूरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। अध्यक्ष भवन सिंह ने कहा कि एचईसी के मजदूरों की समस्याओं का समाधान वार्ता के माध्यम से निकालने की दिशा में पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रबंधन से बातचीत कर मजदूर हितों की रक्षा और उनके अधिकारों की बहाली सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

यूनियन ने 2018 और 2023 बैच के तकनीकी कामगारों के लंबित प्रमोशन पर सहमति बनाने की मांग उठाई। इसके अलावा सप्लाई मजदूरों के वेतन भुगतान, लंबित महंगाई भत्ता (डीए) जोड़कर एरियर भुगतान और केंद्रीय वेतनमान लागू करने की मांग को भी प्रमुखता से रखा गया। यूनियन ने मजदूरों के पुराने सम्मान और अधिकारों की बहाली का संकल्प भी दोहराया।

बैठक में मजदूरों की सुविधाओं से जुड़े कई अन्य मुद्दे भी उठाए गए। यूनियन ने एचईसी कैंटीन को शीघ्र चालू करने, पीएफ लोन सुविधा बहाल करने, कर्मचारियों के बच्चों के लिए 12वीं कक्षा तक फीस माफी पर निर्णय लेने और 2018 में नियुक्त तकनीकी मजदूरों को हाउस रेंट भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।

यूनियन नेताओं ने कामगारों से उत्पादन कार्य बाधित नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्पादन बढ़ाना ही नियमित वेतन भुगतान और संस्थान की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का एकमात्र रास्ता है।

बैठक में यूनियन के कई पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में मजदूर कर्मी मौजूद थे।

————