कटारा की रिमांड अवधि बढाई, डामोर और बडाया को भेजा जेल

जयपुर, 13 मई । अतिरिक्त सत्र न्यायालय क्रम-1, महानगर द्वितीय ने कृषि विज्ञान प्राध्यापक भर्ती-2022 पेपर लीक मामले में गिरफ्तार आरपीएससी के पूर्व सदस्य बाबूलाल कटारा की रिमांड अवधि 16 मई तक बढा दी है। इसके साथ ही अदालत ने सह आरोपी और कटारा के भांजे विजय कुमार डामोर को 27 मई तक जेल भेज दिया है। वहीं दूसरी ओर जल जीवन मिशन घोटाले से जुडे मामले में एसीबी कोर्ट ने आरोपी संजय बडाया को 19 मई तक जेल भेज दिया है।

रिमांड अवधि पूरी होने पर एसओजी की ओर आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। एसओजी की ओर से कहा गया कि आरोपी से पूछताछ पूरी नहीं हुई है। ऐसे में उसकी रिमांड अवधि को बढ़ाया जाए। इस पर अदालत ने कटारा की रिमांड अवधि को 16 मई तक बढ़ाते हुए डामोर को जेल भेज दिया है।

अब तक की पुलिस जांच में सामने आया की आरोपी कटारा ने कृषि विज्ञान प्राध्यापक भर्ती का प्रश्न पत्र साठ लाख रुपए में शेर सिंह मीणा को बेचा था। इसके बाद शेरसिंह ने मोटे मुनाफे में यह पेपर भूपेन्द्र सारण और सुरेश ढाका को बेचा। जहां से पेपर अन्य अभ्यर्थियों तक पहुंचाया गया। एसओजी को सूचना मिली थी कि इस भर्ती में कुछ अभ्यर्थियों ने फर्जी दस्तावेजों से नौकरी हासिल की है। मामले में फागी में तैनात स्कूल व्याख्याता अनिता चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ।