सागर, 03 मई । मध्य प्रदेश के सागर जिले में बरायठा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम धवारा में ग्रामीणों के बताए अनुसार शनिवार रात दो चचेरे भाइयों के परिवारों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस हमले में खिलान अहिरवार (पुत्र भूरे अहिरवार) नामक युवक के सिर पर कुल्हाड़ी से जानलेवा वार किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक खिलान अहिरवार का अपने ही चचेरे भाई वीरेंद्र अहिरवार के परिवार के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। दोनों परिवारों के बीच रंजिश इतनी गहरी थी कि अक्सर तनातनी बनी रहती थी। शनिवार की रात, विवाद की तात्कालिक वजह गुटखा खाने को लेकर हुई मामूली कहासुनी बनी। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई और लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। इस हमले में खिलान के सिर पर कुल्हाड़ी लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और गंभीर रूप से घायल खिलान को तुरंत बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर (बीएमसी) ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई बाबूलाल अहिरवार ने बताया कि हमलावर पहले से ही रंजिश पाले हुए थे। हम लोग खड़े थे, तभी गुटखा खाने की बात को लेकर उन्होंने विवाद शुरू कर दिया। पहले उन लोगों ने मेरे साथ मारपीट की। जब मेरा भाई खिलान मुझे बचाने आया, तो उन लोगों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बरायठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।