नीमच, 02 मई । मध्य प्रदेश के नीमच जिले में झालावाड़ मार्ग पर शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार जीप (तूफान वाहन) अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में वाहन चालक और एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को नीमच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, भानपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम अतरालिया निवासी गायरी गुर्जर समाज के लोग शनिवार को मनासा के सावन कुंड गांव में आयोजित मन्नत कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद लौटते समय दोपहर लगभग दो बजे रामपुरा थाना क्षेत्र में बैंसला घाट के पास उनकी जीप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 55 वर्षीय सोहन बाई और 40 वर्षीय चालक भारत चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने चीख-पुकार के बीच फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
घायलों में दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रामपुरा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को नीमच जिला अस्पताल रेफर किया गया। अन्य पांच घायल लोगों का इलाज रामपुरा अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर पड़े वाहन को हटवाया और यातायात को सुचारू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एंबुलेंस देर से पहुंची, जिससे घायलों को अस्पताल पहुंचाने में कठिनाई हुई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।