झूठ और अफवाह के सहारे चल रही सुक्खू सरकार, जनता देगी करारा जवाब

मंडी, 17 मई । पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम और स्थानीय निकाय चुनावों में अपनी निश्चित हार को सामने देख मुख्यमंत्री और उनकी मित्रमंडली बेहद निम्न स्तरीय हरकतों पर उतर आई है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए बरसात में हुए सुंदरनगर हादसे का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर चुनाव प्रचार का बताकर वायरल किया जा रहा है। आपदा प्रभावितों की भावनाओं का इस तरह का गलत इस्तेमाल करना मुख्यमंत्री की घटिया मानसिकता को दर्शाता है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने सीधे तौर पर सरकार को घेरते हुए कहा कि हिमाचल सरकार से करोड़ों रुपये का भुगतान लेने वाली पीआर एजेंसी और कांग्रेस का पूरा तंत्र प्रदेश में सिर्फ झूठ फैलाने का काम कर रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू की तुलना हिटलर के प्रोपेगंडा मंत्री जोसेफ गोयेबल्स से करते हुए कहा कि यह सरकार केवल झूठ, फरेब और मक्कारी के सहारे चल रही है।

ठाकुर ने दावा किया कि देश-विदेश में झूठ का परचम लहराने वाले मुख्यमंत्री अब पूरी तरह बेनकाब हो चुके हैं और प्रदेश की जनता चुनाव में उनके हर झूठ का करारा जवाब देगी।