अजमेर, 23 मई । राजस्थान में पंचायत और नगर निकाय चुनावों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि राज्य सरकार पंचायत और निकाय चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है तथा राज्य निर्वाचन आयोग को हर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा शनिवार को अजमेर दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान वे झलकारी बाई स्मारक के पास बनने वाले कन्वेंशन सेंटर के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी तथा राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी भी मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि राजस्थान हाईकोर्ट ने पंचायत और निकाय चुनावों को लेकर जो निर्देश दिए हैं, उनके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी राज्य निर्वाचन आयोग की है। सरकार निर्वाचन आयोग की हर जरूरत और मांग को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेशों का अध्ययन कर आगे की कार्रवाई करना निर्वाचन आयोग का कार्य है, लेकिन राज्य सरकार चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान हाईकोर्ट ने शुक्रवार को दिए आदेश में कहा था कि पंचायत और निकाय चुनाव अब और नहीं टाले जा सकते। अदालत ने चुनाव प्रक्रिया पूरी करने के लिए राज्य सरकार को 31 जुलाई 2026 तक की समय सीमा तय की है। साथ ही ओबीसी आयोग की रिपोर्ट, वार्ड परिसीमन और मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे कार्य 20 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।